Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः गोली की धमकी तक पहुँची महेशगंज पुलिस की ढिलाई, हमलावरों के खिलाफ कार्यवाही न करने से बढ़े बदमाशों के हौसले


प्रतापगढ़/बाबागंज। महेशगंज थाना क्षेत्र में कैंसर पीड़ित के घर पर हुए बर्बर हमले के बाद पुलिस की लापरवाही अब कानून-व्यवस्था पर भारी पड़ती नजर आ रही है।  घटना के मुख्य आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने पीड़ित पक्ष पर ही कार्रवाई कर दी। नतीजा यह रहा कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने वाले युवक को इंस्टाग्राम पर 10 दिन के भीतर गोली मारने की धमकी दे डाली। अब पीड़ित युवक ने पुलिस से अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

महेशगंज थाना क्षेत्र के राहुल यादव के घर पर गुरुवार रात पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही दो भाइयों ने करीब ढाई दर्जन बाहरी लोगों के साथ धावा बोल दिया था। हमलावरों ने राहुल के घर पर हमला करके जमकर उत्पात मचाया था। ग्रामीणों के पहुंचने पर अधिकांश हमलावर फरार हो गए, जबकि तीन आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जिनके बाघराय थाना क्षेत्र के रायकाशीपुर डुबकी गांव का निवासी होने की बात सामने आई थी। हमलावर युवकों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

पीड़ित राहुल यादव ने घटना के बाद पुलिस को तहरीर दी, लेकिन उसी दौरान थाना प्रभारी अवकाश पर थे। उनके स्थान पर कार्यभार संभाल रहे प्रभारी एसओ नीरज सिंह कुशवाहा ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बजाय राहुल को ही थाने में बैठा लिया और उसका भी हमलावरों युवकों के साथ शांतिभंग में चालान कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे और पीड़ित परिवार में भी गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया।

इसी बीच वायरल वीडियो को झींगुर गांव निवासी प्रशांत द्विवेदी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर साझा कर दिया। इससे नाराज बदमाशों ने इंस्टाग्राम पर संदेश भेजकर वीडियो हटाने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर 10 दिन के भीतर प्रशांत को गोली मारने की धमकी दे डाली। धमकी मिलने के बाद प्रशांत ने पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इलाके में चर्चा है कि यदि शुरुआती हमले में शामिल आरोपियों के खिलाफ समय रहते मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई की गई होती, तो शायद उनके हौसले इतने नहीं बढ़ते कि वे सोशल मीडिया पर खुलेआम जान से मारने की धमकी देने लगते। अब लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि धमकी पाने वाले युवक के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?

इस संबंध में महेशगंज थाना प्रभारी संदीप तिवारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |