Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः चेहल्लुम, श्रावण और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश


बलिया। आगामी चेहल्लुम, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, सुरक्षा और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

आगामी चेहल्लुम, श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां पूरी करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और सभी धार्मिक आयोजन सकुशल संपन्न हों।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर पालिका को प्रमुख मंदिरों व धार्मिक स्थलों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जल निगम (नगरीय) को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा विद्युत विभाग को सभी धार्मिक स्थलों एवं यात्रा मार्गों पर लटक रहे बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के लिए कहा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रमुख शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों पर, विशेषकर प्रत्येक सोमवार को, मेडिकल टीम और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका को सौंपी। साथ ही प्रमुख स्नान घाटों और मंदिर परिसरों में बैरिकेडिंग कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि चेहल्लुम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि बालेश्वर मंदिर परिसर में महिला श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि वे बच्चों को नदी, घाटों और अन्य खतरनाक स्थानों पर सेल्फी लेने से रोकें। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान वाहनों की सजावट इस प्रकार न करने की सलाह दी जिससे चालक का दृश्य बाधित हो और दुर्घटना की आशंका बढ़े। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा मार्ग पर कहीं भी लटकते बिजली के तार दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, सीआरओ गुलशन जी, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सभी थाना प्रभारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |