दिल्ली पुलिस की AATS टीम का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ के बाद वांटेड बदमाश इरशाद गिरफ्तार!
July 02, 2026
आरोपी इरशाद दिल्ली में स्नैचिंग और डकैती जैसे घटनाओं को अंजाम देता था। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई थी। जानकारी मिलने पर दिल्ली पुलिस के आउटर-नॉर्थ जिले की AATS की टीम ने एक ट्रैप लगाया। लेकिन बदमाश ने जैसे ही पुलिस को देखा तो उसने बचने के लिए गोली चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आरोपी पर गोली चलाई और एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी। जिसकी वजह से आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी बदमाश का नाम इरशाद अली उर्फ सुकर अली है, जो स्नैचिंग-डकैती के मामलों में वांटेड था।
दिल्ली पुलिस ने इरशाद के अलावा दो अलग-अलग इलाकों में दो अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीनों अपराधियों के पैरों में गोली लगी जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया। पहली मुठभेड़ के दौरान AATS की टीम ने इरशाद अली को गिरफ्तार किया। तो वहीं इससे पहले सोमवार की रात को दिल्ली के लाजपत नगर इलाके से पुलिस ने दो शातिर चोरों को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस को खबर मिली थी कि दो अपराधी चोरी की बाइक पर सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस, एसटीएफ और एएटीएस की संयुक्त टीम ने एक जाल बिछाया। जिसके तहत रात करीब 12:15 बजे जब ये दोनों संदिग्ध वहां पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस गोलीबारी में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक देसी कट्टा बरामद हुआ।
बता दें पकड़े गए आरोपियों में से एक आरोपी प्रमोद कुमार एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ लूटपाट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत 113 आपराधिक मामले दर्ज हैं। तो वहीं दूसरा आरोपी राजेश प्रमोद का साथी है जो उसके साथ कई वारदातों में शामिल रहा है।
