Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

'रामायण' का ट्रेलर रिलीज से पहले लीक, वायरल हुआ 88 सेकंड का फुटेज


नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का ट्रेलर आधिकारिक तौर पर रिलीज होने से पहले ही पायरेसी का शिकार हो गया है। नई दिल्ली में आयोजित विशेष 'प्रथम संकल्प' इवेंट के दौरान कथित तौर पर रिकॉर्ड किया गया 1 मिनट 28 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस फुटेज में भगवान श्री राम के रूप में रणबीर कपूर की एंट्री और पिता दशरथ के वचन को निभाने वाले दृश्य की झलक दिखाई दे रही थी। इस घटना के तुरंत बाद निर्माता नमित मल्होत्रा और फिल्म की कानूनी टीम ने कड़ा रुख अपनाते हुए इंटरनेट से इस क्लिप को हटाने की मुहिम शुरू कर दी है। रेडिट के कई पेज से तो इस वीडियो को हटा दिया गया है, लेकिन एक्स से इसे पूरी तरह साफ करने में मशक्कत करनी पड़ रही है। रेडिट के भी कुछ पेज पर वीडियो देखने को मिल रहा है। मेकर्स ने फैंस से अपील की है कि वे इन अवैध क्लिपों को न देखें और 24 जुलाई 2026 को आने वाले आधिकारिक हाई-डेफिनिशन ट्रेलर का इंतजार करें।

इस खास प्रीव्यू इवेंट में कई यादगार पल भी देखने को मिले। फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता यश ने मंच पर आते ही सभी को चौंका दिया। उन्होंने दिल्ली के दर्शकों के सामने पूरी तरह से दमदार हिंदी में अपनी बात रखी। यश ने फिल्म के विशाल पैमाने पर चर्चा करते हुए कहा कि 'रामायण' को सिर्फ घरेलू दर्शकों के लिए नहीं, बल्कि भारतीय इतिहास और पौराणिक कथाओं को पूरी दुनिया के सामने पेश करने के उद्देश्य से एक वैश्विक स्तर पर तैयार किया जा रहा है।

माता सीता का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री साई पल्लवी ने इस भूमिका की तैयारी से जुड़े अपने बेहद भावुक अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस पावन चरित्र को निभाने के लिए आवश्यक आंतरिक शांति, करुणा और शालीनता को आत्मसात करने के लिए उन्होंने महीनों तक रोज मेडिटेशन किया। साई पल्लवी ने कहा कि इस तरह के किरदार किसी कलाकार को आसानी से नहीं मिलते। उन्होंने इसे एक आशीर्वाद बताते हुए कहा कि उन्होंने खुद इस भूमिका को नहीं चुना, बल्कि मां सीता ने उन्हें इसके लिए चुना है। वे हर रोज ध्यान में बैठकर यही प्रार्थना करती थीं कि मां सीता स्वयं उनके माध्यम से इस अभिनय को जीवंत करें।

भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर आंखों में कंजंक्टिवाइटिस के बावजूद इवेंट का हिस्सा बने। उन्होंने आंखों की सुरक्षा के लिए काले चश्मे पहन रखे थे, जिसके लिए उन्होंने मजाकिया अंदाज में दर्शकों से माफी भी मांगी। रणबीर ने कहा कि इस शुभ अवसर पर उनके दिल में सभी के लिए सिर्फ अफेक्शन है, इसलिए उनके चश्मे को नजरअंदाज किया जाए। रणबीर ने इस किरदार को अपने करियर की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने मंच पर मौजूद दिग्गज अभिनेता अरुण गोविल की ओर देखते हुए उनका आभार जताया, जिन्होंने 1987 के ऐतिहासिक धारावाहिक 'रामायण' में भगवान राम का अमर किरदार निभाया था। रणबीर ने कहा कि बचपन से ही उनके मन में भगवान राम की सीख और अरुण गोविल का चेहरा बसा हुआ है। अगर वे उनके अभिनय का थोड़ा सा हिस्सा भी परदे पर उतार पाए, तो उनका काम सफल हो जाएगा।

इवेंट का सबसे भावुक और दिल जीतने वाला पल तब आया जब रणबीर कपूर मंच पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद मशहूर कवि कुमार विश्वास और अभिनेता सनी देओल के पास जाकर पूरी श्रद्धा के साथ उनके पैर छुए। इस पारंपरिक और विनम्र व्यवहार को देखकर दोनों वरिष्ठ कलाकारों ने उन्हें गले लगा लिया। रणबीर के इस जमीनी और संस्कारी स्वभाव की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है और फैंस उनके इस व्यवहार के मुरीद हो गए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |