Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

राजस्थान में परिवार को बंधक बनाकर हुई सनसनीखेज डकैती का खुलासा! 6 बदमाश गिरफ्तार


राजस्थान के झुंझुनूं शहर के पीपली चौक क्षेत्र में 21 जून की रात हथियारों के बल पर घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर की गई सनसनीखेज डकैती का कोतवाली थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश की अंतर्राज्यीय डकैत गैंग के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और वारदात में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए हैं। पुलिस अब लूटे गए माल की बरामदगी और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में इस हाई-प्रोफाइल मामले के खुलासे के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। एसपी सागर ने बताया कि टीमों ने दिन-रात लगातार मेहनत करते हुए राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में दबिश दी। हिसार, चूरू, सीकर, हनुमानगढ़, जयपुर, नोएडा, बागपत, मुजफ्फरनगर और मेरठ सहित कई स्थानों पर तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा डेटा और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

21 जून की देर रात मलसीसर रोड स्थित गाय वाली मूर्ति की गली में एक मकान में 4-5 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस गए थे। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को हथियारों की नोक पर बंधक बनाकर महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और सीसीटीवी डीवीआर लूट लिया था। वारदात के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच में वारदात में इस्तेमाल दो संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहनों की पहचान हुई। पुलिस ने इन वाहनों का रूट झुंझुनूं से राजगढ़, भादरा, हिसार, सोनीपत होते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत और मेरठ तक ट्रेस किया। इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश देकर पहले राशिद, सतार और सरफराज उर्फ भुटन को घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो सहित पकड़ लिया। पूछताछ में इन आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के नाम बताए। इसके बाद दूसरी पुलिस टीम ने दिल्ली-अलवर एक्सप्रेस-वे पर सुनियोजित नाकाबंदी कर मुख्य आरोपी राजीव उर्फ राजू खटा, जाहिद उर्फ लंबू और आरिफ को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में राशिद कुरैशी (मेरठ), सतार (बागपत), सरफराज उर्फ भुटन (मेरठ), जाहिद उर्फ लंबू (बागपत), राजीव उर्फ राजू खटा (बागपत) तथा आरिफ (हापुड़) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। लूटे गए आभूषण, नकदी और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। साथ ही गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |