पीलीभीत। जनपद में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पूरनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और साक्ष्य संकलन के आधार पर दो बाल अपचारियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामदगी के बाद दोनों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पूरनपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना पूरनपुर में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों का सफल अनावरण किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों बाल अपचारी पिछले कुछ समय से क्षेत्र में सक्रिय थे और चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचकर अपने शौक पूरे करने के साथ-साथ परिवार का खर्च भी चला रहे थे।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें यूपी-26 व यूपी-26एक्स सीरीज की विभिन्न हीरो एचएफ डीलक्स और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें शामिल हैं। सभी वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।जांच के दौरान सामने आया कि पूरनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों में यही गिरोह सक्रिय था। पुलिस ने दोनों मामलों का सफल खुलासा करते हुए बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमों में बढ़ोत्तरी की है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं वाहन चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी की घटनाओं में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस कार्रवाई को पूरनपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से परेशान लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
