सुल्तानपुर। पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं स्वच्छ वातावरण के उद्देश्य से युवक मंगल दल, ग्राम सभा गौहानी द्वारा पंचायत भवन मनोरथपुर परिसर में एक वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व युवक मंगल दल के अध्यक्ष रवि यादव ने व्यक्तिगत पहल एवं अपने नेतृत्व में किया।
अभियान के दौरान पंचायत भवन परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में लगभग 50 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों एवं युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रवि यादव ने कहा कि ष्वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन, पशु-पक्षियों और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अमूल्य धरोहर हैं। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो हमारा गांव और देश दोनों हरित एवं स्वच्छ बन सकते हैं।
इस जनहितकारी अभियान में युवक मंगल दल के कोषाध्यक्ष अजय यादव ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। वहीं ग्राम सभा भिटौरा के शनी यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। उपस्थित युवाओं ने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया।
ग्रामवासियों ने युवक मंगल दल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय प्रयास बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा प्रकृति के संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
