लखनऊ। लायंस इंटरनेशनल मण्डल 321बी1 की वर्ष 2026-27 की प्रथम कैबिनेट मीटिंग का आयोजन लखनऊ स्थित होटल आईटीसी फॉरच्यून में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। बैठक में मण्डल के 400 से अधिक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा नए सत्र की कार्ययोजना, सेवा गतिविधियों एवं संगठनात्मक रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डलाध्यक्ष लायन परमजीत सिंह ने की, जबकि सभा का सफल संचालन कैबिनेट सेक्रेटरी लायन सीए सुदीप कुलश्रेष्ठ ने किया। इस अवसर पर लायन सीए दुर्गेश बंसल ने वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श के बाद स्वीकार किया।
बैठक में सभी वक्ताओं ने सेवा कार्यों को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने पर बल देते हुए कहा कि समाज के अंतिम छोर पर बैठे जरूरतमंद, पीड़ित एवं वंचित व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना ही लायंस क्लब का प्रमुख उद्देश्य है। पूर्व मण्डलाध्यक्षों ने सदस्यता विस्तार, युवा नेतृत्व को प्रोत्साहन तथा अधिकाधिक सेवा परियोजनाओं के संचालन के लिए सदस्यों से उदारतापूर्वक सहयोग एवं दान देने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि लायंस क्लब इंटरनेशनल बिना किसी सरकारी सहायता के केवल अपने सदस्यों के सहयोग एवं योगदान से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, आपदा राहत और मानव सेवा के विभिन्न कार्यों का संचालन करता है। विश्व के 210 से अधिक देशों एवं भौगोलिक क्षेत्रों में सक्रिय लायंस क्लब की सेवा भावना का विस्तार इतना व्यापक है कि यह कहा जाता हैकृ“लायंस की सेवा का सूर्य कभी अस्त नहीं होता।” दुनिया के किसी न किसी हिस्से में प्रत्येक क्षण कोई न कोई लायन सदस्य मानव सेवा में समर्पित रहता है।
