अमेठीः ड्यूटी के साथ पढ़ाई और बन गए दारोगा! 30 पुलिसकर्मी बने उपनिरीक्षक, 8 महिला कांस्टेबल भी सफल
July 16, 2026
अमेठी। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा में अमेठी जनपद के 30 पुलिसकर्मियों ने सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। चयनित अभ्यर्थियों में 8 महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए इन पुलिसकर्मियों ने नियमित अध्ययन और कड़ी मेहनत के बल पर उपनिरीक्षक बनने का सपना साकार किया।पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने सभी नवचयनित उपनिरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ड्यूटी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर सफलता प्राप्त करना अनुकरणीय उपलब्धि है। उन्होंने इसे पूरी पुलिस फोर्स के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बताया। चयन की सूचना मिलते ही विभिन्न थानों और शाखाओं में सहकर्मियों एवं अधिकारियों ने मिठाई खिलाकर सभी का स्वागत किया।नवचयनित पुलिसकर्मियों ने बताया कि दिनभर की व्यस्त ड्यूटी के बावजूद उन्होंने प्रतिदिन पढ़ाई के लिए समय निर्धारित किया। कठिन कार्यशैली और जिम्मेदारियों के बीच निरंतर मेहनत, परिवार के सहयोग तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन से उन्हें यह सफलता मिली।इस उपलब्धि में एसपी कार्यालय की गोपनीय शाखा में तैनात आरक्षी गंगादीन विशेष चर्चा में हैं। वर्ष 2015 में सिपाही के रूप में भर्ती हुए गंगादीन ने 11 वर्षों तक नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखी और अब उपनिरीक्षक बनने में सफल हुए हैं। खास बात यह रही कि उनके सगे भाई महेंद्र, जो बलिया में तैनात हैं, का भी इसी भर्ती परीक्षा में चयन हुआ है।चयनित 30 पुलिसकर्मी गोपनीय शाखा, पुलिस लाइन, इन्हौना, बाजारशुकुल, मोहनगंज, मुसाफिरखाना, मुंशीगंज, भाले सुल्तान, पीपरपुर, रामगंज, संग्रामपुर, जायस, जामो, जगदीशपुर, अमेठी और गौरीगंज सहित विभिन्न थानों एवं शाखाओं में तैनात हैं। इनमें गंगादीन, सत्येंद्र कुमार, गोविंद यादव, विजय पाल, आकाश, शालिनी, अभिषेक, शिवकांत, आशीष, प्रियंका, स्नेहा, शिवनाथ, शैलेश, प्रभा, उमका, अन्या पोरवाल, अविजीत, कोमल पाल, सुशील, अतुल, धनराज, प्रिन्सी, दीपेंद्र, अभिजीत कटियार, मोहम्मद फारुख, अश्वनी, विशाल गुप्ता, कुलदीप, अखिलेश और गौरव शामिल हैं। महिला कांस्टेबलों की सफलता को जिले की महिला पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। यह सफलता साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और समय प्रबंधन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
