Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

22 साल पहले की थी लिव इन पार्टनर की हत्या, सुप्रीम कोर्ट से सजा मिलते ही हुई फरार


महाराष्ट्र के वाशिम में पुलिस ने 22 साल बाद हत्या की आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला सुप्रीम कोर्ट से सजा मिलने के बाद फरार हो गई थी। 22 साल बाद पुलिस को उसके पति की पोस्ट में वह दिखाई दी। इसके बाद गुजरात पुलिस की मदद से महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे वाशिम ले आई। इस महिला को सेशन कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, बाद में सजा कम होकर 10 साल की हो गई, लेकिन सजा का ऐलान होते ही महिला फरार हो गई।

महिला ने लिव-इन रिलेशनशिप में हुए विवाद के बाद प्रेमी की हत्या कर दी थी। महिला आरोपी को वाशिम पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी खुद मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करती थी, लेकिन उसके पति की सोशल मीडिया पोस्ट ने उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचा दिया।

पुलिस के अनुसार, साल 2002 में पंचशीला थोरात और तोंडगांव निवासी माधव गोटे के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। बाद में दोनों के रिश्ते में विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, 25 जून 2004 को पंचशीला ने कथित तौर पर सो रहे माधव पर उस्तरे से हमला किया और सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद वाशीम शहर पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पंचशीला को गिरफ्तार कर करीब छह महीने तक जेल में रखा गया और बाद में उसे जमानत मिल गई। सत्र न्यायालय ने उसे दोषी ठहराया। हाईकोर्ट ने उम्रकैद की सजा को घटाकर 10 साल किया। सुप्रीम कोर्ट ने भी 10 साल की सजा बरकरार रखी। अंतिम फैसला आने के बाद आरोपी फरार हो गई।

फरारी के दौरान पंचशीला गुजरात के खंभालिया में रहने लगी और उसने अपनी पहचान छिपाकर दूसरी शादी कर ली। पुलिस से बचने के लिए उसने कभी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया। लेकिन उसके पति ने सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें पोस्ट कीं। साइबर पुलिस ने इन्हीं तस्वीरों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, पहचान की पुष्टि की और गुजरात पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल अदालत के वारंट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |