लखनऊ। शहर में अवैध अतिक्रमण और प्रदूषण फैलाने वालों के खलिाफ नगर निगम ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अदालत की सख्ती के बाद नगर निगम की टीम ने जोन-1 क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर जोरदार कार्रवाई की।
अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पुराने हाई कोर्ट के बाहर बने अवैध चबूतरों को जेसीबी चलाकर पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान मौके पर जोनल अधिकारी ओम प्रकाश और सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सतीश यादव मौजूद रहे, जिनकी देखरेख में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
वहीं, दूसरी ओर वायु प्रदूषण और गंदगी पर नकेल कसते हुए रामलीला मैदान के बगल में कूड़ा जला रहे दोषियों के खलिाफ भी सख्त कदम उठाया गया। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संजीव कुमार ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
