150 कंपनियां, 120 समझौते और 12.5 बिलियन डॉलर का निवेश! PM मोदी-तकाइची की अहम बैठक
July 02, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की पीएम साने ताकाइची के बीच गुरुवार (2 जुलाई) को हाई-लेवल मीटिंग होगी. बैठक में दोनों पक्ष आपसी सहयोग की समीक्षा करने के साथ उसे मजबूत करेंगे. इसके साथ ही दोनों नेताओं के बीच आपसी फायदे के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत होगी. जापान की प्रधानमंत्री का गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया.
पीएम ताकाइची बुधवार (1 जुलाई) शाम को नई दिल्ली पहुंची. इसके साथ ही उनका तीन दिवसीय आधिकारिक दौरा शुरू हुआ. भारत के विदेश मंत्रालय ने जापानी पीएम का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची का बहुत गर्मजोशी से स्वागत है, जो आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली आई हैं.'
भारत के लिए रवाना होने से पहले, साने ताकाइची ने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात में भारत के साथ जापान के सहयोग की अहमियत पर जोर दिया. पीएम ताकाइची ने बुधवार को टोक्यो में मीडिया से कहा,'मुझे उम्मीद है कि मैं प्रधानमंत्री मोदी के साथ तीन खास क्षेत्रों में मजबूत सहयोग को आगे बढ़ा पाऊंगी. इसमें मौजूदा वैश्विक हालात में जापान-भारत रणनीतिक पार्टनरशिप को मजबूत करना, आर्थिक सुरक्षा में सहयोग को बढ़ावा देना और निवेश और इनोवेशन में दोनों देशों के बिजनेस के बीच सहयोग को मजबूत करना होगा.
उन्होंने कहा, 'इस दौरे के मौके पर, जापान-भारत जाइंट इकोनॉमिक फोरम होगा. जिसमें 150 से ज्यादा जापानी कंपनियों और व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. प्राइवेट सेक्टर के साथ मिलकर काम करते हुए, मुझे उम्मीद है कि जापान-भारत सहयोग का दायरा बढ़ेगा और एक मजबूत अर्थव्यवस्था बनेगी.' ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, 16वें जापान-भारत वार्षिक शिखर सम्मेलन में लगभग 120 सहयोग समझौतों के जरिए तेजी से बढ़ते भारतीय बाजार में 12.5 बिलियन डॉलर के भारी निवेश करने के लिए तैयारी है.
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने को लेकर जापान की पीएम ताकाइची ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी भारत और जापान की है. उन्होंने कहा कि वह फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक (AFOIP) को जमीन पर उतारने की कोशिशों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं.
