पश्चिम बंगाल में बलात्कार और हत्या के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या, बोरी में मिला था 11 साल की मासूम का शव
July 06, 2026
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर इलाके में 11 साल की मासूम की रेप के बाद हत्या कर दी गई. इस मामले पर अब एक बड़ी जानकारी मिली है. 11 साल की बच्ची का शव रविवार (5 जुलाई) को बरामद हुआ था. इसके बाद भीड़ ने बलात्कार और हत्या के आरोपी एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी.
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सूर्यपुर हाट इलाके में एक लड़की का शव बोरी में भरा मिला था. इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया और बारुईपुर-जयनगर सड़क को जाम कर दिया. भीड़ ने टायर जलाए और कुछ पुलिस गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया. प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
प्रेसिडेंसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक कांकर प्रसाद बरुई ने बताया कि एक लड़की की मौत में शामिल होने के आरोप में गुस्साई भीड़ ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि लड़की की मौत के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृत लड़की के पिता से फोन पर बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी.
प्रदर्शनकारियों से सड़क जाम हटाने की अपील करते हुए पुलिस महानिरीक्षक बरुई ने कहा कि अपराध से जुड़े सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा और मुकदमे के बाद उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी. उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुझे फोन किया और कहा कि सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सजा दी जाएगी.'
