लखनऊ: लाल ने रचा इतिहास, स्टार्टअप को मिले 105 करोड़! उत्कर्ष सिंह की सफलता, बैटएक्स एनर्जीज को मिली बड़ी फंडिंग
July 17, 2026
लखनऊ। अर्जुनगंज निवासी युवा उद्यमी उत्कर्ष सिंह ने अपने माता-पिता और शहर का नाम रोशन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी सह-स्थापित कंपनी बैटएक्स एनर्जीज को सीरीज-ए फंडिंग में 105 करोड़ रुपये का निवेश मिला है। कंपनी इस निवेश का उपयोग बैटरी रीसाइक्लिंग क्षमता बढ़ाने, अनुसंधान एवं विकास को गति देने तथा बुलंदशहर स्थित अपने क्रिटिकल मिनरल्स रीसाइक्लिंग संयंत्र के विस्तार में करेगी। बैटएक्स एनर्जीज पुरानी लिथियम-आयन बैटरियों से लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और ग्रेफाइट जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की पुनर्प्राप्ति कर देश की आयात निर्भरता कम करने की दिशा में काम कर रही है।उत्कर्ष सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल कंपनी का विस्तार नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना भी है।
