- पशुपालक एवं दुग्ध उत्पादक मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना हेतु 31 जुलाई तक करें आवेदन
प्रतापगढ़। जिले में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी राम शब्द ने शनिवार को बताया है कि जनपद के पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों के लिए आय बढ़ाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत 10 स्वदेशी उन्नत नस्ल की गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने पर अधिकतम 11.80 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत सहीवाल, गिर एवं थारपारकर प्रजाति की 10 गायों की परियोजना की कुल अनुमानित लागत 23.60 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस पर सरकार द्वारा 50 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के अनुसार लाभार्थी को परियोजना लागत का 15 प्रतिशत अंशदान स्वयं वहन करना होगा, जबकि 35 प्रतिशत धनराशि बैंक ऋण के माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी। यदि कोई लाभार्थी बैंक ऋण नहीं लेना चाहता और स्वयं के संसाधनों से इकाई स्थापित करना चाहता है, तो उसके बैंक खाते में आवश्यक धनराशि उपलब्ध होना अनिवार्य होगा। इसके लिए छह माह का सत्यापित बैंक स्टेटमेंट प्रस्तुत करना होगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत 50 प्रतिशत लाभ महिला पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों को दिया जाएगा। गायों की खरीद यथासंभव प्रदेश के बाहर स्थित ब्रिडिंग ट्रैक्ट से की जाएगी। खरीदी जाने वाली गायें प्रथम अथवा द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए तथा डेढ़ माह के भीतर ब्याने वाली नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि डेयरी इकाई की स्थापना के लिए लगभग 0.20 एकड़ (8712 वर्ग फुट) भूमि आवश्यक होगी। साथ ही लाभार्थी को वर्ष भर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय चारा उत्पादकों अथवा आपूर्तिकर्ताओं से अनुबंध अथवा शपथपत्र प्रस्तुत करना होगा। उन्होने बताया है कि पूर्व में कामधेनु, मिनी कामधेनु, माइक्रो कामधेनु, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना अथवा मुख्यमंत्री गौ-संवर्धन योजना का लाभ प्राप्त कर चुके व्यक्ति इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। इच्छुक पशुपालक नंद बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल ीजजचेरूध्ध्दंदकइंइंकनहकीउपेेपवद.नच.हवअ.पद पर आवेदन कर सकते हैं। योजना संबंधी विस्तृत जानकारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
.jpg)