कोलंबिया ने घाना को दी 1-0 से मात! फीफा वर्ल्ड कप 2026 में प्री-क्वार्टर फाइनल की सभी 16 टीमें हुईं तय
July 04, 2026
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में चार जुलाई की सुबह को राउंड ऑफ 32 का आखिरी मुकाबला कोलंबिया और घाना की टीम के बीच में कैनसस सिटी स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। इस मैच को कोलंबिया की टीम ने 1-0 के अंतर से अपने नाम करने के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल यानी राउंड ऑफ 16 के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया है। कोलंबिया के लिए इस मुकाबले में झोन आरियास द्वारा पहले हाफ के 14वें मिनट में किया गया गोल ही निर्णायक साबित हुआ। अब फीफा वर्ल्ड कप 2026 को जीतने की रेस में सिर्फ 16 टीमें ही बची हैं, जिनके बीच में कड़ी टक्कर देखने की उम्मीद की जा रही है। कोलंबिया की टीम राउंड ऑफ 16 अब स्विट्जरलैंड से भिड़ेगी।
राउंड ऑफ-16 के लिए सभी टीमों के नाम तय होने के बाद अब मैचों की शुरुआत का इंतजार फैंस काफी बेसब्री से कर रहे हैं। इसमें पहला मुकाबला भारतीय समयानुसार 4 जुलाई की रात 10:30 पर कनाडा और मोरक्को की टीम के बीच में खेला जाएगा। वहीं इसके बाद दूसरा मुकाबला 5 जुलाई की देर रात भारतीय समयानुसार 2:30 पर पराग्वे और फ्रांस की टीम के बीच में होगा। इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में तीसरा मैच 6 जुलाई को भारतीय समयानुसार देर रात 1:30 पर ब्राजील और नॉर्वे की टीम के बीच में होगा जबकि चौथा मुकाबला मेक्सिको और इंग्लैंड की टीम के बीच में सुबह 5:30 पर खेला जाएगा।
प्री-क्वार्टर फाइनल के आखिरी चार मुकाबलों में से तीन मैच 7 जुलाई को खेले जाएंगे जिसमें सबसे ज्यादा नजरें पुर्तगाल और स्पेन के बीच होने वाले मैच पर सभी की टिकी हुई हैं। ये अहम मैच भारतीय समयानुसार देर रात 12:30 बजे शुरू होगा। वहीं इसके बाद सुबह 5:30 पर मेजबान यूएसए की टीम का सामना प्री-क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम से होगा, जबकि रात 9:30 पर अर्जेंटीना और इजिप्ट की टीम के बीच में प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद राउंड ऑफ 16 का आखिरी मैच स्विट्जरलैंड और कोलंबिया की टीम के बीच में 8 जुलाई को भारतीय समयानुसार देर रात 1:30 पर शुरू होगा।
