दिल्ली-NCR में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, UP-बिहार-MP में भारी बारिश का अलर्ट
June 30, 2026
मौसम विभाग ने आज यानी 30 जून को देश के बड़े हिस्से में मॉनसून के तेजी से आगे बढ़ने की जानकारी दी है। अगले 15 घंटों के भीतर 17 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ इलाकों में 60 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। आज यहां हल्की बूंदाबांदी, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले 5 से 6 दिनों में मॉनसून दिल्ली में पूरी तरह एक्टिव हो जाएगा।
यूपी के 21 से ज्यादा जिलों (जैसे- मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज) में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार की राजधानी पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया और समस्तीपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और 65 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी है।
राजस्थान में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं। कोटा, उदयपुर, जयपुर और भरतपुर संभागों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं, 3 से 5 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में भारी तेजी आएगी।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज यानी 30 जून को अधिकतम तापमान 30°C रहने का अनुमान है। राजगढ़, मंदसौर, विदिशा, सिवनी और छतरपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 60 से 65 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में 5 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। अरब सागर में बने चक्रवाती सिस्टम के कारण नमी बढ़ रही है, जिससे 2 और 3 जुलाई को राज्य में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।
