बीसलपुर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने ग्राम पंचायत चैसरा में कराए गए सीसी रोड निर्माण कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
संगठन का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा ठाकुर दास के घर से नेतराम के घर तक बनाई गई सीसी सड़क में मानकविहीन सामग्री का प्रयोग किया गया तथा निर्माण कार्य बिना तकनीकी निगरानी के कराया गया। इस संबंध में पहले भी जिलाधिकारी से शिकायत की गई थी, जिसके बाद खंड विकास अधिकारी ने भुगतान पर रोक लगा दी थी।संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों ने शपथ पत्र देकर भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। जिलाधिकारी द्वारा जांच समिति गठित किए जाने के बावजूद जांच को लंबित रखा गया, जिसके विरोध में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। आरोप लगाया गया कि अब सड़क की पहचान बदलकर भुगतान कराने का प्रयास किया जा रहा है।ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जांच पूरी किए बिना भुगतान किया गया तो संगठन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। ज्ञापन पर रामचंद्र लाल, महेंद्र कुमार, अर्जुन, सुरेंद्र, रिंकू, सूरज, सुंदरलाल, हरीश कुमार और गुरुदेव सिंह समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
