बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव दियोरिया कला में आयोजित एक नामकरण संस्कार कार्यक्रम के दौरान बार बालाओं के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम के आयोजन और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बीती रात आयोजित समारोह में बार बालाओं द्वारा अश्लील गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना अनुमति इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। वहीं मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने जांच की बात कही है।
थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक मामले की औपचारिक जानकारी नहीं थी। वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो आयोजकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
