पीलीभीत/बरखेड़ा। जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को बरखेड़ा थाने में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव एवं जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह स्वयं उपस्थित रहे और फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, आपसी विवादों तथा अन्य समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण तथा पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
विशेष रूप से राजस्व संबंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समाधान करे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता बनाए रखें तथा प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
थाना समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण कराया जाएगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
