बीसलपुर। समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव दिव्या गंगवार ने कहा कि बूथ प्रभारी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उनकी सक्रियता और मेहनत के बल पर समाजवादी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में विजय हासिल कर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित विधानसभा स्तरीय बूथ प्रभारियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिव्या गंगवार ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन लाने का दावा करने वाली भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों शिक्षित युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है और उन्हें रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह असफल रही है। साथ ही उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की धनराशि की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
उन्होंने बूथ प्रभारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर संपर्क अभियान चलाकर नए मतदाताओं एवं समर्थकों को पार्टी से जोड़ें तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी निष्ठा के साथ जुट जाएं। सम्मेलन के दौरान सभी बूथ प्रभारियों को मतदाता सूचियां वितरित की गईं और संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह श्जग्गाश् ने की, जबकि संचालन रूपलाल महात्मा ने किया।
सम्मेलन में चैधरी प्रदीप पटेल, फैजान अली, जिला उपाध्यक्ष बी.डी. प्रजापति, श्यामा चरण गंगवार एडवोकेट, सुधा यादव, सालिक राम गंगवार, राकेश रतन, तेजराम गंगवार, पंकज गंगवार, भूदेव गंगवार, नेत्रपाल गंगवार, मलखान सिंह वर्मा, अरविंद कुमार, नगर अध्यक्ष तंजीवरजा, अभिषेक कुर्मी, कवि कृष्णा सैनी, बलराम सहित दो दर्जन से अधिक वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की रणनीति पर अपने विचार व्यक्त किए। सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
