Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रुद्रपुर: पिस्टल के दम पर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लोडेड पिस्टल और कारतूस बरामद


रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ष्ऑपरेशन प्रहारष् के तहत रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिस्टल के बल पर एक परिवार को धमकाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने के मामले में मुख्य आरोपी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा एक परिवार के घर पहुंचकर हंगामा करने तथा पिस्टल दिखाकर धमकाने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों के विरोध पर एक आरोपी पिस्टल फेंककर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिस्टल और छह कारतूस बरामद कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल ने करीब एक माह पूर्व आत्महत्या कर ली थी। परिजन अपने घर के सामने एसी की दुकान संचालित करने वाले रमन कक्कड़ को इस घटना के लिए जिम्मेदार मान रहे थे, जिसके चलते दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक 10 जून को रमन कक्कड़, उसके भाई रवि कक्कड़ और अन्य साथियों ने सन्नी के परिवार से विवाद किया। इस दौरान उनके साथ आए एक व्यक्ति ने पिस्टल दिखाकर परिवार को धमकाया। शोर-शराबा होने पर लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश जारी रखी। जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि आरोपी पीड़ित पक्ष को दोबारा नुकसान पहुंचाने की योजना बना सकते हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे।

15 जून को मुखबिर की सूचना पर बाजार चैकी, आदर्श कॉलोनी चैकी और रम्पूरा चैकी पुलिस की संयुक्त टीम ने रामपुर (उत्तर प्रदेश) के खानपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और पिस्टल लेकर आने वाले आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन कक्कड़ (32) निवासी केसरपुर, रुद्रपुर तथा दीपक कुमार (26) निवासी मजरा झुण्डी सकैनिया, गदरपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |