अमेठीः जिला अनुश्रवण समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, एनआरएलएम एवं पुष्टाहार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
June 18, 2026
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अनुश्रवण समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, विकास विभाग के समस्त अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित पुष्टाहार उत्पादन इकाइयों में लागू की गई नवीन रेसिपी आधारित अनुपूरक पुष्टाहार व्यवस्था की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में बताया गया कि भारत सरकार की नवीन गाइडलाइन तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 की संशोधित अनुसूची-2 (एनएफएसए-2023) के अनुरूप बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा अनुपूरक पुष्टाहार की मात्रा एवं संरचना में संशोधन किया गया है। इसके तहत जनपद की चारों पुष्टाहार उत्पादन इकाइयों में वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही के लिए सात श्रेणी के लाभार्थियों हेतु दस प्रकार की रेसिपी आधारित अनुपूरक पुष्टाहार सामग्री तैयार कराई जा रही है, जिसकी आपूर्ति उत्पादन इकाइयों से संबद्ध आंगनबाड़ी केंद्रों तक सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि रेसिपी आधारित अनुपूरक पुष्टाहार के पारदर्शी एवं प्रभावी वितरण के लिए आईसीडीएस विभाग द्वारा एफआरएस (थ्त्ै) वेरीफाइड तंत्र विकसित किया गया है। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पात्र लाभार्थियों को ही पुष्टाहार का वितरण हो तथा योजनाओं का लाभ लक्षित वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। बैठक का संचालन उपायुक्त स्वतः रोजगार प्रवीना शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला मिशन प्रबंधक एनआरएलएम आदित्य कुमार सैनी, विनीत कुमार विश्वकर्मा, समस्त ब्लॉक मिशन प्रबंधक एवं एडीओ-आरडी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
