रुद्रपुर। विशाल मेगा मार्ट के सामने नैनीताल हाईवे स्थित बंद कट को पुनः खोले जाने तथा वहां ओवर फुट ब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी के अनेक पार्षदों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन कलेक्ट्रेट प्रभारी रिचा सिंह को सौंपा।
इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विशाल मेगा मार्ट के सामने नैनीताल हाईवे पर पूर्व दिशा की ओर जाने वाले मार्ग का कट प्रशासन द्वारा बंद कर दिया गया है, जबकि यह कट पूर्व में खुला हुआ था। कट बंद होने के कारण रविन्द्र नगर, शिवनगर, आवास विकास, जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप सहित अनेक कॉलोनियों के हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रतिदिन हजारों बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं एवं आम नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर हाईवे पार करने को मजबूर हैं। कट बंद होने के कारण लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है और अधिकांश लोग जान हथेली पर रखकर बंद कट के ऊपर से ही हाईवे पार करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
कांग्रेसजनों ने बताया कि तीन दिन पूर्व भी एक महिला हाईवे पार कर रही थी, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी दर्दनाक मृत्यु हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर घटना के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मृतक महिला के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग करते हुए कहा कि जनहित में विशाल मेगा मार्ट के सामने स्थित कट को तत्काल खोला जाए तथा क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वहां ओवर फुट ब्रिज का निर्माण कराया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही जनता की इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, पार्षद गौरव खुराना, पार्षद जितेश शर्मा, पार्षद इंद्रजीत सिंह, पार्षद गौरव गिरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मोनिका ढाली, सरोज शर्मा,अनंत विश्नोई,अर्जुन विश्वास, पार्षद बाबू खान, मोहन कुमार, राकेश अधिकारी, सेवा राम दिवाकर,जगदीश कर्मकार, राजेंद्र मिश्रा, पार्षद राजू कोली, विक्रम जीत विर्क,विजय पुजारा,कमल चुघ,निशान शाही,राकेश कोली, सतनाम सिंह, विकास मल्लिक आदि सहित अनेको कांग्रेस जन मौजूद थे।।
