पीलीभीत। कलेक्ट्रेट कार्यालय सोमवार को स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित घरेलू उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उत्पादों को स्थानीय स्तर पर बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।शिवाय स्वयं सहायता समूह बरखेड़ा से स्वाति, जय श्रीकृष्णा स्वयं सहायता समूह पूरनपुर से राखी सहित अन्य छह स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जिलाधिकारी को समूह द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी दी। महिलाओं ने फिनाइल, टॉयलेट क्लीनर, लिक्विड सोप, साबुन तथा अन्य घरेलू उपयोग की सामग्रियां जिलाधिकारी को दिखाईं।
महिलाओं ने बताया कि उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निर्माण में आरओ वाटर का प्रयोग किया जाता है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि बाजार में इन उत्पादों की बिक्री के लिए उन्हें मार्केटिंग संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की और निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए फिनाइल एवं अन्य उत्पादों की खरीद नगर पालिकाओं तथा टाउन एरिया में प्राथमिकता के आधार पर की जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बढ़ावा देना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी के इस सकारात्मक कदम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं में उत्साह देखा गया। महिलाओं ने आशा व्यक्त की कि प्रशासन के सहयोग से उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और समूह की आय में वृद्धि होगी।
