शुकुलबाजारः गाजे-बाजे के साथ निकला ताजिया जुलूस! या हुसैन की सदाओं के बीच कर्बला में हुआ सुपुर्द-ए-खाक
June 26, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। मोहर्रम के अवसर पर क्षेत्र में शुक्रवार को गाजे-बाजे के साथ ताजिया जुलूस पूरी श्रद्धा, अकीदत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। या हुसैन की सदाओं और मातमी माहौल के बीच ताजियों को निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला तक ले जाया गया, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक लाठी, तलवार और अन्य हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भाईचारे, सौहार्द और अनुशासन का वातावरण देखने को मिला। विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी जुलूस का स्वागत कर सामाजिक एकता का संदेश दिया। मोहर्रम जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जुलूस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। स्थानीय प्रशासन की मुस्तैदी तथा लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ताजिया कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
