अमेठीः जायस पुलिस का गुडवर्क! लूट की घटना का खुलासा, दो गिरफ्तार, एक फरार
June 03, 2026
अमेठी। जनपद की जायस पुलिस व एसओजी टीम मे लूट का महज कुछ ही घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो लूटेरो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं वही तीसरा आरोपी की तलाश जारी है। आपको बता दे कि घटना जायस कोतवाली क्षेत्र के रानीगंज मवई आलमपुर गांव की है जहां मंगलवार शाम अंकिता नामक महिला घर में अकेली थीं। इसी दौरान तीन बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आए। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट करते हुए अलमारी की चाबी छीन ली और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 10 हजार रुपए नकद लूट लिए। लूटपाट के दौरान जब महिला ने विरोध किया तो बदमाशों ने दुपट्टे से उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में घायल महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए रायबरेली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता के पति की तहरीर पर जायस कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने महिला द्वारा बताए गए हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की। पूछताछ और छानबीन में आरोपियों की पहचान गांव के ही अरमान, इमरान और दुर्गेश के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अरमान और दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल तीसरा आरोपी इमरान अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार ने पुलिस कार्यालय सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस और एसओजी टीम ने त्वरित कार्रवाई कर घटना का सफल अनावरण किया है। बेहतर कार्य के लिए जायस पुलिस और एसओजी टीम को 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।
