Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः शिक्षक पात्रता परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक


अमेठी। जनपद में आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रभारी जिलाधिकारी मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह ने कल कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों, जोनल मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा की गरिमा एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर समय से पूर्व पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाए तथा परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई जाए तथा पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रहे तथा किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा बाहरी हस्तक्षेप की संभावना पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। प्रभारी जिलाधिकारी ने जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करते रहें तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। बताते चलें कि जनपद में शिक्षक पात्रता परीक्षा के सफल संचालन के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा में कुल 23,040 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा का आयोजन 2, 3 एवं 4 जुलाई, 2026 को दो पालियों में आयोजित कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं एवं अन्य गोपनीय सामग्री को आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से जमा कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सभी केंद्र व्यवस्थापक, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आश्वासन दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |