अमेठीः संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए जुलाई भर चलेगा विशेष अभियान
June 24, 2026
अमेठी। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 जुलाई तक तथा दस्तक अभियान 11 से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, कूड़े का सुरक्षित निस्तारण, लार्वानाशक दवाओं का छिड़काव, झाड़ियों की कटाई तथा जलभराव की स्थितियों को समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत खुले में शौच से मुक्ति, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना, हैंडपंपों एवं उनके प्लेटफॉर्म की मरम्मत, पर्यावरणीय स्वच्छता को बढ़ावा देना तथा विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को संचारी रोगों से बचाव संबंधी “क्या करें और क्या न करें” की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी परिवारों को मच्छरों से बचाव, घर एवं आसपास मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, मच्छरदानी के उपयोग तथा पूरे बाजू के कपड़े पहनने के प्रति जागरूक किया जाएगा।राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप तिवारी ने बताया कि 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर भ्रमण करेंगी। इस दौरान बुखार, इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), क्षय रोग, कुष्ठ रोग, कुपोषण तथा दस्त रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनकी लाइन लिस्ट तैयार की जाएगी, ताकि उन्हें समय पर केंद्रों में जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया जा सके। जिला मलेरिया अधिकारी लाल साहेब सिंह ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता गृह भ्रमण के समय ऐसे घरों की सूची तैयार करेंगी, जहां मच्छरों का प्रजनन पाया जाएगा। साथ ही संबंधित परिवारों को जागरूक करते हुए प्रजनन स्थलों का तत्काल निस्तारण भी सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा कहीं भी जलभराव न होने दें, ताकि संचारी रोगों की रोकथाम में प्रभावी सहयोग मिल सके।
.jpg)