Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना, यात्रियों में मची अफरा-तफरी


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से मंगलवार को हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। लखनऊ में स्थित ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर बम होने की सूचना मिली। इसके बाद स्टेशन पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्टेशन पर बम होने की सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और स्टेशन पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, जांच के बाद जो सच्चाई सामने आई वह हैरान कर देने वाली है।

लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर बम मिलने की खबर सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी में बम नहीं मिला। पुलिस को मामले में पता चला है कि एक यात्री को ट्रेन में जगह नहीं मिल रही थी इसलिए उसने बम होने की अफवाह फैलाई।

इस पूरी घटना को लेकर पुलिस ने बताया- "आज दिनांक 16.06.2026 को ऐशबाग स्टेशन पर एक ट्रेन में बम होने की सूचना प्राप्त होने पर स्थानीय पुलिस, जीआरपी एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच एवं सघन चेकिंग की गई। जांच के दौरान ट्रेन तथा उसके सभी कोचों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई। बम मिलने की सूचना पूर्णतः असत्य पाई गई। जांच के उपरांत ट्रेन को सुरक्षित पाए जाने पर उसे अपने अगले गन्तव्य हेतु सकुशल रवाना कर दिया गया। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही।"

पूछताछ में ज्ञात हुआ कि सैनी जैकी (उम्र लगभग 26 वर्ष) पुत्र सोवनाथ, निवासी विमलवाड़ा, थाना बेमू पुलवाड़ा, जनपद रजाना, राज्य तेलंगाना को ट्रेन में बैठने के लिए स्थान नहीं मिल रहा था। इसी कारण उसने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना फैला दी, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। उक्त व्यक्ति को जीआरपी पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में ट्रेन को सकुशल रवाना कर दिया गया है तथा मौके पर शांति एवं कुशलता की स्थिति है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |