Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः कलेक्ट्रेट परिसर में शक्ति रसोई कैंटीन का शुभारंभ! डीएम ने फीता काटकर किया उद्घाटन


अमेठी। जनपद में महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डूडा विभाग के अंतर्गत संचालित दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डीएनयूएलएम) के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में उजाला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित ‘शक्ति रसोई कैंटीन’ का शुभारंभ आज जिलाधिकारी संजय चैहान ने फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी ने कैंटीन का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे प्रयास महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ-साथ उनकी आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिलाधिकारी ने कैंटीन परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कूड़ा निस्तारण के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखे जाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण ग्राहकों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ स्वास्थ्य की दृष्टि से भी आवश्यक है। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिला समूहों द्वारा संचालित ऐसे उद्यम न केवल रोजगार के अवसर सृजित करते हैं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी को भी बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता सिंह, उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी केलकर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |