श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में साई सुदर्शन का शतक, नहीं चला देवदत्त पडिक्कल का बल्ला
June 25, 2026
साई सुदर्शन ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शतक जड़ दिया है. उन्होंने इंडिया ए के लिए खेलते हुए यह कारनामा किया. इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच पहला अनऑफिशियल टेस्ट मैच गाले में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया के लिए साई सुदर्शन ने शतक लगाया, लेकिन देवदत्त पडिक्कल और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे नामी बल्लेबाज फ्लॉप रहे.
भारतीय टीम के लिए साई सुदर्शन ने आयुष पांडे के साथ मिलकर पारी की शुरुआत की थी. आयुष ने 25 रन बनाए और उन्होंने साई सुदर्शन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े. सुदर्शन ने आयुष पांडे और ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी की और 132 रन बनाकर आउट हुए.
सुदर्शन ने टीम इंडिया के लिए आखिरी टेस्ट मैच अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसे भारत ने पारी और 300 रनों के अंतर से जीता था. सुदर्शन ने उस मुकाबले में 81 रनों की पारी खेली थी. उन्होंने श्रीलंका ए के खिलाफ भी अपनी बढ़िया फॉर्म को बरकरार रखते हुए 130 गेंदों में सेंचुरी पूरी की.
एक छोर साई सुदर्शन ने मजबूती से संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे. देवदत्त पडिक्कल ने अपनी पारी की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की, एक चौका और एक छक्का भी लगाया लेकिन 7 गेंद में केवल 12 रन बनाकर आउट हो गए. दूसरी ओर हाल ही में संपन्न हुई ट्राई सीरीज में शतक जड़ने वाले ऋतुराज गायकवाड़ रेड-बॉल मैच में केवल 22 रन बना पाए.
इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच इस अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में 2 मैच खेले जाएंगे. पहला मैच 25 जून से शुरू हो चुका है और दूसरा मुकाबला 2 जुलाई से इसी मैदान पर खेला जाएगा. बता दें कि इस शृंखला में ध्रुव जुरेल भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं.
