जया बच्चन की इस शर्त की वजह से टूटी थीं अभिषेक करिश्मा कपूर संग सगाई
June 25, 2026
90 के दशक में बॉलीवुड पर राज करने वालीं कपूर खानदान की पहली एक्ट्रेस करिश्मा कपूर 25 जून को अपना 52वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं और लाखों दिलों पर राज किया. हालांकि, फिल्मों के साथ-साथ करिश्मा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी खूब सुर्खियों में रहीं. एक समय ऐसा भी था, जब वो बच्चन परिवार की बहू बनने वाली थीं, लेकिन शादी से पहले ही उनका और अभिषेक बच्चन का रिश्ता टूट गया.
कपूर खानदान की लाडली करिश्मा कपूर और बच्चन परिवार के चिराग अभिषेक बच्चन का रिश्ता किसी से छिपा नहीं है. अभिषेक और करिश्मा ने करीब पांच साल एक-दूसरे को डेट किया. दोनों की पहली मुलाकात 1997 में अभिषेक की बहन श्वेता बच्चन की शादी में हुई थी. श्वेता की शादी करिश्मा की बुआ के बेटे निखिल नंदा से हुई थी. इस फैमिली फंक्शन के दौरान दोनों पहली बार मिले और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई.
उस समय तक अभिषेक ने बॉलीवुड में डेब्यू नहीं किया था, लेकिन करिश्मा अपने करियर के पीक पर थीं. दोनों परिवारों को इस रिश्ते से ऐतराज नहीं था. साल 2002 में अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर की सगाई हुई, लेकिन ये रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच पाया. सगाई के महज चार महीने बाद दोनों का ये रिश्ता टूट गया था.
अमिताभ बच्चन के 60वें जन्मदिन के मौके पर उनकी किताब लॉन्च की गई थी. इस खास इवेंट में जया बच्चन और अभिषेक बच्चन भी मौजूद थे. इसी दौरान जया बच्चन ने सबके सामने करिश्मा कपूर को अपनी होने वाली बहू के रूप में इंट्रोड्यूस किया था. उन्होंने कहा था, 'आज बच्चन और नंदा परिवार के साथ एक और परिवार जुड़ने जा रहा है, वो है कपूर परिवार. रणधीर कपूर, बबीता कपूर और मेरी होने वाली बहू करिश्मा कपूर. अभिषेक ने अपने पिता के 60वें जन्मदिन पर हमें यह खूबसूरत तोहफा दिया है.'
साल 2000 में अभिषेक बच्चन की डेब्यू फिल्म 'रिफ्यूजी' रिलीज हुई. इसमें उनके अपोजिट करिश्मा कपूर की छोटी बहन करीना कपूर नजर आई थीं. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, 'रिफ्यूजी' के सेट पर करीना अभिषेक को जीजू बुलाया करती थीं. दोनों के फिल्म में कुछ रोमांटिक सीन भी थे, लेकिन करीना ने इससे इंकार कर दिया और कहा कि वो अभिषेक को भाई मानती हैं. हालांकि, अभिषेक की पहली फिल्म एवरेज रही. इसके बाद अभिषेक की 'ढाई अक्षर प्रेम के', 'तेरा जादू चल गया' और 'ओम जय जगदीश' जैसी फिल्में भी फ्लॉप रहीं.
करिश्मा की मां बबीता अभिषेक के फ्लॉप करियर से थोड़ा परेशान थीं. वो करिश्मा के फ्यूचर को लेकर काफी चिंतित थीं. बबीता अपनी बेटी के करियर को लेकर कोई समझौता नहीं करना चाहती थीं. इसके बाद जब जया बच्चन ने शर्त रखी कि करिश्मा को शादी के बाद फिल्मों में काम करना बंद करना होगा. बबीता इसके लिए हरगिज राजी नहीं थीं और फिर उन्होंने ये रिश्ता तोड़ दिया.
अभिषेक बच्चन से सगाई टूटने के बाद करिश्मा कपूर ने साल 2003 में बिजनेसमैन संजय कपूर से शादी कर ली. इस शादी से उन्हें दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी है, लेकिन फिर इनके रिश्ते में दरार आ गई और साल 2016 में इनका तलाक हो गया. बता दें कि 12 जून 2025 को करिश्मा कपूर के एक्स-हसबैंड संजय कपूर का निधन हो गया था.
