बीसलपुर। मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का वीडियो बनाने के शक में एक व्यक्ति के साथ घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुजनी निवासी मुफस्सिल हसन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 25 जून की रात करीब आठ बजे गांव निवासी अशफाक मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसे शक हुआ कि मुफस्सिल हसन उसकी ट्रॉली का वीडियो बना रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि उसने किसी भी प्रकार का वीडियो बनाने से इनकार किया, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने रंजिश पाल ली।
आरोप है कि कुछ देर बाद अशफाक अपने साथ शाहिद हुसैन, साबिर हुसैन, तसलीम हुसैन और फिरोज के साथ पीड़ित के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी भी देकर गए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)