गौरीगंजः पांच व्यापारियों ने ग्रहण की सदस्यता! सपा कार्यालय में मनाई गई छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती
June 26, 2026
गौरीगंज/अमेठी। जिला मुख्यालय स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय, गौरीगंज में शुक्रवार को छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने की। इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने छत्रपति शाहूजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज ने समाज के वंचित, पिछड़े और गरीब वर्गों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक समानता की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा उनके आदर्शों पर चलकर सामाजिक न्याय और बराबरी की लड़ाई लड़ती रहेगी।पार्टी के जिला महामंत्री अरशद अहमद ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज गरीबों, शोषितों और वंचितों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान दिलाने का कार्य किया। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक मजबूत और समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर संगठन विस्तार अभियान के तहत गौरीगंज नगर पालिका क्षेत्र के पांच प्रमुख व्यापारियों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने वालों में कामद अग्रहरि, रवींद्र अग्रहरि, आयुष अग्रहरि, कामता साहू, अरुण जायसवाल तथा अरविन्द गुप्ता शामिल रहे। जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई और पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने सभी से संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि छत्रपति शाहूजी महाराज के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ संगठन विस्तार अभियान भी लगातार जारी रखे हुए है।
