अमेठीः अंतरराष्ट्रीय योग दिवस! जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला ने किया योग
June 21, 2026
अमेठी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला पंचायत परिसर गौरीगंज में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उद्योगपति राजेश मसाला ने योग सत्र में भाग लेते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। उन्होंने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त बनाता है।योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की रोकथाम में सहायक होने के साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाता है।जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया इसे अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रही है।कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास एवं स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का विशेष संदेश दिया गया।
