बिहार में भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर पर आया कांग्रेस का रिएक्शन, अभिषेक मनु सिंघवी बोले- कानून का राज सिर्फ इस बात से नहीं तय होता कि बेगुनाह लोगों के साथ कैसा सलूक किया जाता है
June 21, 2026
भारत के वरिष्ठ वकील और कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस घटना को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष और ट्रांसपेरेंट जांच की मांग की है. अभिषेक मनु सिंघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अगर कोई नागरिक कैमरे पर सरेंडर करता हुआ दिखाई देता है और बाद में एनकाउंटर में मारा जाता है तो सरकार पर जवाब देने और पूरी स्थिति स्पष्ट करने की जिम्मेदारी काफी बढ़ जाती है.
अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि भरत भूषण तिवारी के मामले एक स्वतंत्र और पारदर्शी जांच होनी चाहिए. उनके मुताबिक इस मामले में सभी तथ्यों को सामने लाना बेहद जरूरी है ताकि सच्चाई स्पष्ट हो सके. सिंघवी ने आगे कहा कि कानून का राज सिर्फ इस बात से नहीं तय होता कि बेगुनाह लोगों के साथ कैसा सलूक किया जाता है, बल्कि असली कसौटी यह है कि हर व्यक्ति के लिए कानून की सही प्रक्रिया का पालन कितनी ईमानदारी से किया जाता है. अभिषेक मनु सिंघवी ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में न्यायिक प्रक्रिया और कानून का पालन सबसे महत्वपूर्ण है. किसी भी संवेदनशील मामले में निष्पक्ष जांच ही जनता का भरोसा बनाए रख सकती है
बिहार सरकार ने भोजपुर जिले में हाल ही में हुई पुलिस मुठभेड़ की न्यायिक जांच कराने का फैसला लिया है. अधिकारियों ने शनिवार (20 जून 2026) को यह जानकारी दी. भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौती गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की बुधवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई थी.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘बिलौती गांव में बुधवार को हुई मुठभेड़ की स्वतंत्र न्यायिक जांच उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में कराई जाएगी.’’ उन्होंने कहा कि न्यायिक जांच से घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ गहन पड़ताल सुनिश्चित होगी.
