प्रतापगढ़। जनपद में शनिवार को थाना कोतवाली देहात में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने संयुक्त रूप से जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान फरियादियों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जा तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। इस अवसर पर कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग से संबंधित 12 तथा पुलिस विभाग से संबंधित 2 शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतों को सुनते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने कहा कि भूमि विवाद के प्रकरणों में राजस्व-पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे और समय-सीमा और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करे। डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन को न्याय पाने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। यह कार्यवाही दोनों पक्षों की उपस्थिति में पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न की जाएगी ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं। शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करना सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने पुलिस-जनसंपर्क को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया ताकि जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके। इस दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
.jpg)