बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के नगरा चैराहे पर लूट की सूचना मिलने से शनिवार को बरखेड़ा पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर दी और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि गहन जांच-पड़ताल के बाद मामला पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत निकला।
पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले पूरनलाल पुत्र उदल सिंह ने दावा किया था कि नगरा चैराहे पर तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने उससे एक मोटरसाइकिल और 70 हजार रुपये लूट लिए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की, लेकिन जांच के दौरान घटनाक्रम में कई विरोधाभास सामने आए।
जांच में पता चला कि जिस मोटरसाइकिल को लूटा जाना बताया गया था, वह पूरनलाल के चाचा को विवाह में दहेज स्वरूप मिली थी। बताया गया कि चाचा-पत्नी के बीच करीब छह वर्षों से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बीच पत्नी पक्ष के लोगों ने दहेज में दी गई मोटरसाइकिल वापस ले ली थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि ससुराल पक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाने की नीयत से लूट की मनगढ़ंत कहानी गढ़कर पुलिस को सूचना दी गई थी। तथ्यों के सत्यापन के बाद पुलिस ने लूट की घटना को पूरी तरह असत्य और निराधार पाया।
थाना प्रभारी बरखेड़ा ने बताया कि मामले की जांच में लूट की सूचना फर्जी पाई गई है। पुलिस पूरे प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
.jpg)