लखनऊः लखनऊ सीतापुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, डंपर से टकराया महिंद्रा ऑटो, 9 घायल
June 27, 2026
लखनऊ। लखनऊ सीतापुर हाईवे रोड स्थित चंद्र लॉन के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में महिंद्रा ऑटो और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। बीकेटी थाना क्षेत्र अंतर्गत हादसे में ऑटो सवार नौ लोग घायल हो गए, टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, उसमें सवार कई यात्री अंदर फंस गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सीतापुर रोड पर यातायात भी बाधित रहा। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। लोगों की मदद से ऑटो में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल शौ शैया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। समय पर उपचार मिलने से सभी घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। महिंद्रा ऑटो में सवार अधिकांश यात्री सीतापुर जनपद के मिश्रिख और सिधौली क्षेत्र के निवासी थे, जो किसी कार्य से लखनऊ की ओर आ रहे थे। दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। वहीं घायलों की पहचान करन सिंह (26 वर्ष), पुत्र विजय सिंह, रायपुर इटौंजा, परमेश्वर (35 वर्ष), पुत्र लाला, कसमंडा कमलापुर सीतापुर, अनन्या (15 वर्ष), पुत्री प्रमोद कुमार मुकीमपुर सिधौली सीतापुर, खुशी (6 वर्ष) पुत्री अखिलेश सरावां सिधौली सीतापुर, नारायण कुमार (23 वर्ष) पुत्र श्रीलाल सीतापुर, राजेंद्र (49 वर्ष), पुत्र प्रेम सागर, अरंबा, इटौंजा, लखनऊ,प्रमोद (40 वर्ष), पुत्र कृष्णा, सिधौली सीतापुर,भैयालाल (25 वर्ष) पुत्र राधेश्याम मिश्रिख सीतापुर, एक अन्य घायल का भी अस्पताल में उपचार कराया गया। वहीं पुलिस ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में महिंद्रा ऑटो और डंपर की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है।
