सुल्तानपुर: लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग 731 की सर्विस रोड पर टूटा नाला बना हादसों का कारण, राहगीरों में दहशत
June 30, 2026
चांदा/सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग-731 की कोइरीपुर शिवाला स्थित सर्विस रोड पर बना नाला टूट जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। नाले का एक बड़ा हिस्सा धंस जाने से कोइरीपुर शिवाला से शाहपुर मार्ग की ओर आने-जाने वाले लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कई दिनों से नाला क्षतिग्रस्त पड़ा है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। टूटे हुए हिस्से के कारण दोपहिया वाहन चालक, साइकिल सवार और पैदल राहगीर अक्सर असंतुलित होकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोटें भी लग चुकी हैं। रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, क्योंकि पर्याप्त चेतावनी संकेत या बैरिकेडिंग नहीं होने से हादसे की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।दुकानदारों ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते नाले की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों ने संबंधित विभाग तथा प्रशासन से मांग की है कि टूटे हुए नाले की तत्काल मरम्मत कराकर सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाएं, ताकि आमजन को दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।
