Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

हत्या से हड़कंप! गंगा एक्सप्रेस-वे के पास बदमाशों ने 55 साल के व्यक्ति को गोलियों से भूना


उत्तर प्रदेश के बदांयू से हत्या की खबर सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। बदायूं जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज के पास 55 साल के व्यक्ति को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के आरोपियों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने 18 जून को यह जानकारी दी।

यह वारदात 17 जून की रात वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज के पास स्थित बनकोटा स्टैंड के करीब हुई। मृतक की पहचान 55 साल के दिलीप यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिलीप अपनी मोटरसाइकिल का टायर ठीक कराने के लिए सड़क किनारे रुके थे, तभी घात लगाए हमलावर वहां पहुंच गए।

PTI के मुताबिक, रात करीब साढ़े आठ बजे बदायूं की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और बिना किसी बातचीत के दिलीप यादव पर गोलियां बरसा दीं। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल दिलीप को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हृदयेश कठेरिया ने घटनास्थल और मृतक के गांव का दौरा कर पुलिस टीमों को जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि परिवार की किसी से कोई पुरानी रंजिश या विवाद की जानकारी नहीं है। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द खुलासे का दावा किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |