अच्छी खबर! आज से 42 जगहों पर लगेंगे कैंप, राशन कार्ड से लेकर पेंशन तक, एक ही जगह पर मिलेंगी सभी सेवाएं
June 18, 2026
दिल्लीवासियों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है क्योंकि उन्हें अब एक छत के नीचे सभी सरकारी सेवाएं मिलेंगी। दिल्ली सरकार 18 से 20 जून तक राजधानी के 42 स्थानों पर जन कल्याण शिविरों का आयोजन करेगी, जहां लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी ले सकेंगे और उनमें रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, इन शिविरों में केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे लोगों को अलग-अलग दफ्तरों केचक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सीएम ने कहा, "जन कल्याण शिविरों का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से मिले।"
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से सभी संबंधित विभागों को इन शिविरों में भाग लेने और मौके पर ही अधिकतम मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि ज्यादातर शिविर विद्यालय परिसरों में लगाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को सुविधाजनक और सुलभ स्थान उपलब्ध हो सके। इन शिविरों में राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, जल कनेक्शन सहित अनेक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निपटारा किया आएगा।
शिविर में केंद्र और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही इसके लिए आवेदन भी कर सकेंगे। इन योजनाओं का लाभ उठाने में किसी पात्र व्यक्ति को आने वाली परेशानी भी दूर की जाएगी। पानी के गलत बिल के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ता परेशान हैं। बिल में सुधार नहीं होने के कारण लोग पानी बिल जुर्माना माफी योजना का लाभ लेने से वंचित हैं। शिविर में इनकी परेशानी भी दूर की जाएगी।
