50 करोड़ के पार 'कॉकटेल 2', बनी 5वीं बड़ी वीकेंड ओपनर
June 21, 2026
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म 'कॉकटेल 2' ने बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की. फिल्म रिलीज होने के बाद से ही छाई हुई है. लोगों की ओर से इसे पॉजिटिव रिस्पांस मिल रहा है. फिल्म ने वर्ल्डवाइड भी 50 करोड़ का आंकड़ा महज दो दिनों में ही पार कर लिया है. ऐसे में चलिए बताते हैं इसने बजट का कितना प्रतिशत वसूल लिया है.
फिल्म 'कॉकटेल 2' के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर अच्छा खासा बिजनेस कर लिया है. कोईमोई की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने शनिवार को 17.15 करोड़ की सॉलिड कमाई की है. जबकि फिल्म ने पहले दिन 14.1 करोड़ का बिजनेस किया और इसके बाद फिल्म का दो दिनों का नेट कलेक्शन 31.25 करोड़ रहा. पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर 21.63% का सॉलिड जंप देखने के लिए मिला. फिल्म का दो दिनों का ग्रॉस कलेक्शन 36.87 करोड़ रहा.
कोईमोई की रिपोर्ट के अनुसार, 'कॉकटेल 2' 5वीं बड़ी वीकेंड ओपनर 2026 महज दो दिन में ही बन गई है. 'है जवानी तो इश्क होना है' ने तीन दिनों में 28.51 करोड़ का बिजनेस किया था, जिसे ये पछाड़कर पांचवे नंबर पर आ गई है. जबकि तीसरे दिन यानी कि रविवार को माना जा रहा है कि फिल्म 'ओ रोमियो' (34.51 करोड़) के फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन को भी पछाड़ सकती है
ऑफिशियल आंकड़ों के अनुसार, 'कॉकटेल 2' ने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड पहले दिन 24 करोड़ और दूसरे दिन यानी कि शनिवार को 29.4 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके बाद इसका टोटल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 53.4 करोड़ रहा. वहीं, रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का बजट करीब 150 करोड़ है और इस लिहाज से मूवी ने बजट का 35.60% वसूल लिया है.
बहरहाल, फिल्म 'कॉकटेल 2' के बारे में बात की जाए तो इसमें शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना लीड रोल में हैं. इस फिल्म के जरिए इनकी तिकड़ी पहली बार स्क्रीन शेयर कर रहे हैं. ये एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है. ये सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी स्टारर फिल्म 'कॉकटेल' का सीक्वल है. हालांकि, सीक्वल की कहानी पार्ट 1 से काफी अलग है.
