विधायक महाराजी प्रजापति ने परिजनों से मिलकर दिलाया न्याय का भरोसा
अमेठी। जनपद के थाना अमेठी अंतर्गत ग्राम दलशाहपुर में गुरुवार की रात एक लोमहर्षक घटना सामने आई, जहाँ समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंट सुनील पाल के घर में घुसकर कुछ दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में सुनील पाल के पिता रामफली पाल की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही अमेठी की विधायक महाराजी प्रजापति के पुत्र व प्रतिनिधि अनुराग प्रजापति ने सक्रियता दिखाई और वे तत्काल दलशाहपुर स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुँचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और इस कठिन घड़ी में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अनुराग प्रजापति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अमेठी पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग देकर इलाज आदि में सहयोग का भरोसा भी दिया था।
वहीं घटना के दो दिन बाद शनिवार को, स्वयं अस्वस्थ होने के बावजूद अमेठी की लोकप्रिय विधायक महाराजी प्रजापति भी पीड़ित परिवार के घर पहुँचीं। उन्होंने स्वर्गीय राम फली पाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विधायक महाराजी प्रजापति ने कहा, "राम फली पाल जी का निधन अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।" उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराध को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि दोषियों के विरुद्ध त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने पीड़ित परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि, "हम सभी इस दुख की घड़ी में पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्हें न्याय दिलाने के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे और दोषियों को सजा दिलाकर ही दम लेंगे।"
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है और वे आरोपियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। विधायक महाराजी प्रजापति के साथ जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अरूण प्रजापति, महावीर कश्यप, अशोक यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
