जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.5 रही तीव्रता
June 25, 2026
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में गुरुवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई। भूकंप के झटकों से क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भूकंप के केंद्र और गहराई से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
हाल के महीनों में जम्मू-कश्मीर में कई बार भूकंप आए हैं। 20 जून 2026 को किश्तवाड़ जिले में 3.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जबकि 15 जून को भी इसी जिले में 2.7 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे।
इससे पहले 12 अप्रैल 2026 को डोडा जिले में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। इस भूकंप के झटके जम्मू संभाग के कई हिस्सों में महसूस किए गए थे।
वहीं, दूसरी ओर बुधवार शाम को वेनेजुएला के तट पर एक के बाद एक दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिससे इमारतें ढह गईं और दहशत में लोग सड़कों पर आ गए। भूकंप की तीव्रता 7.2 और 7.5 आंकी गई। इतनी बड़ी तीव्रता के इन भूकंपों ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। ब्राजील के अमेजन क्षेत्र से लगभग 1,700 किलोमीटर दूर स्थित शहरों से भी इमारतों को खाली कराया गया।
भूकंप के तेज झटकों से राजधानी काराकास में कई इमारतें ढह गईं, सड़कों पर मलबा फैल गया और लोग जान बचाने के लिए घरों व दफ्तरों से बाहर निकल आए। अल्तामीरा और पालोस ग्रांदेस जैसे इलाकों में कई भवनों के क्षतिग्रस्त होने और लोगों के मलबे में फंसने की खबरें सामने आई हैं। भूकंप के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा, जिसके चलते उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं
