आर्मी की वर्दी में आया ‘फर्जी अफसर’, अस्पतालों की करने लगा जांच, शक होते ही भाग निकला
June 25, 2026
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में आर्मी की वर्दी पहनकर खुद को ईसीएचएस (ECHS) विजिलेंस अधिकारी बताने वाला एक युवक प्राइवेट अस्पतालों में जांच के नाम पर रौब झाड़ता रहा। युवक ने मरीजों की ओपीडी, भर्ती और इलाज से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले, लेकिन उसके व्यवहार पर संदेह होने पर मामला खुल गया।
विजिलेंस ऑफिसर बता रहे व्यक्ति के साथ आर्मी का कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था, ऐसे में उस पर शक हुआ। अस्पताल संचालकों ने सतर्कता दिखाते हुए आर्मी से जुड़ी जानकारी मांगी तो आरोपी सकपका गया। चिड़ावा शहर के प्राइवेट अस्पताल में जांच पड़ताल करते हुए कथित फर्जी अधिकारी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सूचना मिलते ही ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की टीम सक्रिय हुई और जांच में पता चला कि ऐसा कोई अधिकृत निरीक्षण नहीं चल रहा था। टीम अस्पतालों तक पहुंची, लेकिन तब तक कथित अधिकारी मौके से छूमंतर हो चुका था।
बताया जा रहा है कि 30-35 वर्षीय युवक लेफ्टिनेंट कर्नल जैसी वर्दी में था और सेना व ईसीएचएस की अच्छी जानकारी होने के कारण शुरुआती दौर में अस्पताल प्रबंधन भी उसके झांसे में आ गया। उसकी वर्दी पर अशोक स्तंभ और स्टार लगा हुआ था। काले रंग की कार में सवार होकर आरोपी चुंगी नांका के पास प्राइवेट अस्पताल पहुंचा। उसने अस्पताल प्रबंधन को खुद को दिल्ली से ईसीएचएस अधिकारी बताते हुए रिकॉर्ड मांगा, जिस पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स दिखा दिए।
