बेटी पर गंदी नजर डालने वाले लिव-इन पार्टनर को मारकर पंखे से लटकाया! 2 सगी बहनें गिरफ्तार
June 29, 2026
गाजियाबाद के लोनी स्थित ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने 12 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए 2 सगी बहनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल डंडा और गमछा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बुलन्दशहर की रहने वाली 32 वर्षीय किरन अपनी 13 वर्षीय बेटी और दो बेटों के साथ पूजा कॉलोनी में जाकिर नामक युवक के साथ पिछले 8-9 महीनों से लिव-इन में रह रही थी। पूछताछ में किरन ने बताया कि पिछले दो महीनों से उसे शक था कि जाकिर उसकी नाबालिग बेटी पर गलत नजर रख रहा है। अपनी बेटी को सुरक्षित करने के इरादे से किरन ने अपनी छोटी बहन कशिश (21 वर्ष) को बुलन्दशहर से बुलाया और दोनों ने मिलकर जाकिर को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
बीती 23 जून को दोनों बहनों ने जाकिर के फोन से ओला कैब बुक की और बच्चों को बाहर भेज दिया। घर में जाकिर को अकेला पाकर किरन ने उसके सिर पर डंडे से वार कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद दोनों बहनों ने गमछे से गला घोंटकर जाकिर की हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उन्होंने वारदात में इस्तेमाल डंडा छत पर टंकी के पीछे छिपा दिया और गमछे को पंखे से बांधकर उसकी पंखुड़ियों को मोड़ दिया।पकड़े जाने के डर से किरन ने खुद ही शोर मचाया और जाकिर के भाई समीर खान उर्फ नासिर को फोन कर बताया कि जाकिर ने आत्महत्या कर ली है। वह शव को अस्पताल भी ले गई ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर दबोचा और हत्या का राजफाश कर दिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
