बीसलपुर। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को बिलसंडा नगर स्थित एक बारात घर में बूथ प्रभारी सम्मेलन आयोजित कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संदेश दिया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ प्रभारियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान बूथ प्रभारियों को मतदाता सूची, पहचान पत्र और डायरी वितरित कर उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव दिव्या गंगवार ने कहा कि बूथ प्रभारी किसी भी राजनीतिक दल की सबसे महत्वपूर्ण इकाई होते हैं। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और संगठन मजबूत होगा तो चुनाव में जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता को महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं से जूझना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी ही उसका विकल्प बनकर उभर रही है।
जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह श्जग्गाश् ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में बूथ प्रभारी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करना और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना है। उन्होंने कहा कि हर बूथ प्रभारी अपने क्षेत्र में पार्टी का प्रतिनिधि है और उसे मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखना होगा।सम्मेलन में चैधरी प्रदीप सिंह पटेल, भूदेव गंगवार, रूपलाल महातिया, तंजीफ रजा, शालिकराम गंगवार, अनिल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में एकजुटता, संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर उत्साह देखने को मिला।
