Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः डीएफओ कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक! वृक्षारोपण अभियान 2026 को जन-आंदोलन बनाने की तैयारी


अमेठी। वृक्षारोपण अभियान-2026 के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति तथा पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) कार्यालय, अमेठी में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने की, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा युवा समूहों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष वृक्षारोपण अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न रणनीतियों पर चर्चा की गई। एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केन्द्र, युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल के स्वयंसेवकों को ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया गया। ये संगठन पौधरोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता भी फैलाएंगे। व्यापार मण्डलों से बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों के किनारे हरित पट्टी विकसित करने में सहयोग की अपील की गई। वहीं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से किसानों को कृषि वानिकी (एग्रो-फॉरेस्ट्री) से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण के साथ उनकी आय बढ़ाने की योजना पर भी बल दिया गया। बैठक में पौधों की उत्तरजीविता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए लगाए जाने वाले पौधों की जियो-टैगिंग कर डिजिटल मॉनिटरिंग की जाएगी तथा स्थानीय स्तर पर ‘वृक्ष मित्रों’ को उनकी देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस अवसर पर जनपद की विभिन्न गैर-सरकारी संस्थाओं जैसे बाबा बैजनाथ सेवा संस्थान, सहारा जीवन जनकल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट संस्थान, लोक भारती हरियाली अभियान टोली, पर्यावरण वाला, ग्रामीण प्रगति संस्थान, कमला सेवा समिति, ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, अनिकेत सेवा संस्थान, विन्धेश्वरी ग्रामोत्थान संस्थान, मदन फाउंडेशन सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में वन विभाग की ओर से क्षेत्रीय वन अधिकारी तिलोई अभय कुमार मल्ल, क्षेत्रीय वन अधिकारी मुसाफिरखाना ज्योर्तिमय शुक्ला, क्षेत्रीय वन अधिकारी अमेठी नागेन्द्र पटेल तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी गौरीगंज दीपक सिंह भी मौजूद रहे। बैठक के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी ने सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें आम के ग्राफ्टेड पौधे उपहार स्वरूप भेंट किए। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने वृक्षारोपण अभियान-2026 को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |